मुंबई : छत्रपति शिवाजी पर आई एक किताब में पीएम मोदी की तुलना शिवाजी महाराज से किए जाने पर जमकर विवाद हो रहा है। अब एक विडियो में मोदी को शिवाजी महाराज और अमित शाह को शिवाजी के सेनापति तान्हाजी के रूप में दिखाए जाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया है। मामले की शिकायत आने के बाद महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने इसकी निंदा की और कहा कि वह विडियो को यूट्यूब से हटाने की मांग करेंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि इस विडियो से उसका कोई लेना-देना नहीं है। इस विडियो को 'पॉलिटिकल कीड़ा' नाम के ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया। फिल्म तान्हाजी के इस विडियो में शिवाजी महाराज के चेहरे पर नरेंद्र मोदी का फोटो लगा दिया गया था। वहीं, तान्हाजी के चेहरे पर गृहमंत्री अमित शाह का चेहरा लगाकर उन्हें तान्हाजी के रूप में पेश करने की कोशिश की गई। इस विडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि उन्होंने यही विडियो संभाजी भिड़े और बीजेपी नेताओं को भेजा है और वह उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। संजय राउत ने कहा, 'मैं उन लोगों की प्रतिक्रिया देखना चाहता हूं, जिन्होंने शिवसेना के खिलाफ सतारा और सांगली में बंद बुलाया था। इस विडियो पर अभी तक एक भी आदमी ने जवाब नहीं दिया है।'