हैडलाइन

कम पैसों में ज्यादा फायदा, तकनीक के इस्तेमाल से जल्दी बनेगा बांध

मुंबईकरों की पानी की आपूर्ति के लिए मनपा द्वारा बांध बनाए गए हैं। इन बांधों के निर्माण में असीमित धन और समय दोनों ही खर्च होते हैं और लोगों को पानी की आपूर्ति के लिए लंबे समय इंतजार करना पड़ता है। पर अब मनपा नई तकनीक के इस्तेमाल से यह काम कम समय और धन में कर पा रही है। मध्य वैतरणा में सफल परीक्षण के बाद रोलर कांपेक्टेड कंक्रीट (आरसीसी) तकनीक का इस्तेमाल गारगाई झील को बनाने में किया जाएगा। इस तकनीक का इस्तेमाल हिंदुस्थान में दूसरी बार किया जा रहा है, जिसका लाभ अब मुंबईकर कम पैसों में जल्दी उठा पाएंगे।

बता दें कि रोलर कांपेक्टेड कंक्रीट का प्रयोग पहली बार २०१४ में मध्य वैतरणा के निर्माण में किया गया था। मध्य वैतरणा के निर्माण कार्य में इसका प्रयोग सफल साबित हुआ। इस तकनीक के द्वारा समय और धन दोनों की बचत होती है इसलिए अब इसे गारगाई बांध के निर्माण कार्य में भी इस्तेमाल किया जाएगा। रोलर कांपेक्टेड कंक्रीट के द्वारा डामर/सीमेंट को फर्श पर जमाकर रोल किया जाता है। अन्य तकनीकों की तरह इसके इस्तेमाल में भी पानी, सीमेंट और कंक्रीट/पत्थर की ही आवश्यकता होती है। इसके उपयोग के बाद दोबारा फिनिशिंग की आवश्यकता नहीं होती। मनपा के वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट विभाग के बताए अनुसार इसके इस्तेमाल से लगभग ४० प्रतिशत समय और धन बचेगा। मध्य वैतरणा में इस तकनीक का उपयोग करने से कार्य लगभग एक साल पहले खत्म हो गया था। इस तकनीक का प्रयोग सबसे पहले इटली के एक बांध को बनाने में किया गया था। यह तकनीक विदेशों में काफी वर्षों से उपयोग की जा रही है। मनपा द्वारा अब इसका अन्य परियोजनाओं में भी इस्तेमाल किया जा सकता है।



Most Popular News of this Week