पालघर: महाराष्ट्र में पालघर जिले की पुलिस ने कई राज्यों में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके गिरोह का पर्दाफाश कर सात लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के ऊपर 55 वाहन चुराने का आरोप है जिसमें से अधिकतर पिकअप वैन हैं। आरोपियों के पास से जब्त किए गए 27 वाहनों की कीमत एक करोड़ के आसपास बताई जा रही है। जिले के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने शनिवार शाम को संवाददाताओं को बताया कि आरोपी पहले वाहन चुराते थे फिर उसका इंजन और रजिस्ट्रेशन नंबर बदल कर कम कीमत पर बेच देते थे।
उन्होंने कहा कि जिले में चार पहिया वाहनों की चोरी की बहुत सी शिकायतें मिली थीं जिसके बाद एक विशेष दल बनाकर जांच की गई। आरोपी दिन के समय वैन पर नजर रखते थे और रात को नकली चाबी की सहायता से वाहन चुराते थे। अधिकारी ने कहा कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पालघर से 51 पिकअप वैन चुराने की बात कबूल की है। आरोपियों ने ठाणे, गुजरात के वलसाड और दादरा एवं नगर हवेली से भी वाहन चोरी करने की बात कबूल की। अधिकारी ने कहा कि बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किए गए सात आरोपियों के पास से जब्त किए गए कुल 27 वाहनों की कीमत एक करोड़ के आसपास है। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मजिस्ट्रेट के सामने प्रस्तुत किया गया जिन्होंने आरोपियों को 20 फरवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।(एजेंसी)