थाणे। महाराष्ट्र में शनिवार रात को एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की मौत और 4 बुरी तरह से घायल हुए हैं। यह घटना महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की है, जहां एक ट्रक और वैन के बीच टक्कर लगने से यह भीषण हादसा हुआ है। मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं बताई जा रही हैं और दो नाबालिग भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस वक्त हुई जब 14 लोगों को लेकर जा रही वैन रात करीब 9:30 बजे कोरपना-वानी रोड से गुजर रही थी, तभी एक ट्रक से जाकर टकरा गई। चंद्रपुर के पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी ने पीटीआई को बताया कि शुरुआती सूचना के मुताबिक, हादसे में 10 लोगों की मौत हुई है। मौके पर मौजूद रहे एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि इस दुर्घटना में सात महिलाएं, वैन ड्राइवर, तीन साल का एक बच्चा और एक अन्य नाबालिग मारे गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।