मुंबई, इसी साल जून के महीने में मुंबई के घाटकोपर में हुए प्लेन क्रैश में पांच लोगों की मौत हो गई थी। इंडियन सिविल एविएशन रेग्युलेटर ने प्लेन रिपेयर करने वाली कंपनी इंडेमर एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का ऑडिट किया। ऑडिट के बाद यह आदेश जारी किया गया है कि यह कंपनी अब एयरक्राफ्ट के रिपेयर और मेंटनेंस का काम नहीं कर सकेगी। यह भी कहा गया है कि इस ऑडिट का संबंध 28 जून को हुए हादसे से नहीं है। हालांकि, क्रैश के बाद 2 जुलाई को ही सिविल एविएशन के महानिदेशक ने इस कंपनी का ऑडिट किए जाने का आदेश जारी किया थी। ऑडिट में यह सामने आया कि प्लेन में कमियां पाए जाने के बावजूद ना तो उन्हें रेकॉर्ड किया जा रहा था और ना ही उन्हें ठीक किया जा रहा था, साथ ही ऐसे प्लेन को फ्लाइट के लिए भी भेजा जा रहा था। ऑडिट में कहा गया है, 'अपर्याप्त मूलभूत ढांचा, अकुशल मैन पावर, कम सुविधाएं और प्रक्रिया में गड़बड़ी जैसी चीजें सामने आईं हैं। ऐसे में कंपनी ने नियमों की बड़े पैमाने पर अनदेखी की है।'