बृहन्मुंबई महानगरपालिका द्वारा नवनिर्मित विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर का नाम घाटकोपर के सुपुत्र कैप्टन स्मित मच्छर के नाम पर रखने की मांग घाटकोपर पूर्व के विधायक पराग शाह ने मुंबई महानगरपालिका आयुक्त से की है।
विद्याविहार पूर्व और पश्चिम क्षेत्र को जोड़ने वाला यह महत्वपूर्ण पुल जल्द ही नागरिकों के लिए खुलने वाला है। इसी पृष्ठभूमि में कैप्टन स्मित मच्छर के साहस और कर्तव्यनिष्ठा को सम्मान देते हुए इस पुल का नाम ‘कैप्टन स्मित मच्छर फ्लाईओवर’ रखने की मांग की गई है।
दुबई से इजरायल की यात्रा के दौरान विमान में उत्पन्न हुई अत्यंत गंभीर और चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में कैप्टन स्मित मच्छर ने अद्वितीय साहस, सूझबूझ और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनके प्रयासों की वजह से 170 से अधिक यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। उनके इस साहसिक कार्य की देशभर के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सराहना हुई है।
उनके साहस और मानवतावादी दृष्टिकोण की स्थायी स्मृति बनाए रखने तथा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने के उद्देश्य से विद्याविहार ईस्ट-वेस्ट कनेक्टर का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की गई है। विधायक पराग शाह ने महानगरपालिका आयुक्त से इस प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही करने का अनुरोध किया है।