भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच जारी मेलबर्न टेस्ट के दौरान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान टिम पेन स्लेजिंग करते नजर आए। वे रोहित शर्मा को स्टंप के पीछे से लम्बे शॉट खेलने के लिए उकसा रहे थे। पेन ने रोहित पर तंज कसते हुए अपने साथी खिलाड़ी एरॉन फिंच से कहा, "अगर ये स्टाइलिश भारतीय बल्लेबाज मेलबर्न में छक्का मार देता है तो वे आईपीएल में मुंबई इंडियंस को समर्थन करेंगे।" इस बात को रोहित ने हंस कर टाल दिया।
पेन ने कहा, "मुझे राजस्थान रॉयल्स या मुंबई में से किसी एक को चुनना है। अगर रोहित यहां छक्का मार देते हैं, तो मुंबई को समर्थन करूंगा।" उन्होंने फिंच से कहा, "तुमने तो कई टीमों के साथ आईपीएल खेला है। मैं हमेशा परेशान रहता हूं कि राजस्थान का समर्थन करूं या मुंबई का।" हालांकि, रोहित ने इस पर कुछ नहीं बोले, लेकिन स्टंप माइक के द्वारा इसे सुनकर कमेंटेटर्स की हंसी नहीं रूकी। पेन इससे पहले पर्थ में खेले गए दूसरे टेस्ट में भारतीय कप्तान विराट कोहली से भिड़ गए थे।