नवी मुंबई में छात्र रैली के माध्यम से मतदान के प्रति जन जागरूकता
नवी मुंबई। आम लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर नागरिकों को मतदान के अधिकार का उपयोग करने के लिए 150 - ऐरोली विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय और 151 - बेलापुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के माध्यम से बड़े पैमाने पर 'स्वीप' कार्यक्रम चलाया जा रहा है9 इसके तहत विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में मतदान के प्रति जनजागरूकता निर्माण करने के लिए विभिन्न पहल चलाई जा रही हैं. इन गतिविधियों में मनपा स्कूलों के छात्रों के साथ निजी स्कूलों और कॉलेजों के छात्र भी भाग ले रहे हैं. एक साथ कई नागरिकों तक पहुँचने वाली रैली जैसी गतिविधियाँ बड़े पैमाने पर क्रियान्वित की जा रही हैं और स्कूलों के माध्यम से अपने-अपने स्कूल परिसर में प्रभातफेरी निकाली जा रही है. छात्र-छात्राएं हाथों में मतदान संबंधी संदेश लिखी तख्तियां हाथों में लेकर 'आओ लोकतंत्र पर गर्व करें-अपने हक्क का मतदान करें', 'मैं मतदान करूंगा- अपने देश का भविष्य बनाएंगे' जैसे नारे लगाते हुए उत्साहपूर्वक रैली में भाग ले रहे हैं. इसके अलावा वे मतदान करने की अपील भी कर रहे हैं. बताते चले कि 150 एंव 151 इन दोनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र चुनाव कार्यालय के माध्यम से चलाये जा रहे 25 ठाणे लोकसभा चुनाव के स्वीप कार्यक्रम में आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे में मार्गदर्शन के अनुसार नवी मुंबई मनपा के सभी 80 स्कूलों का पूरा सहयोग मिला है. मनपा के शिक्षा विभाग के माध्यम से निजी स्कूलों के सहयोग के लिए कार्यवाई की गई है.इसमें निजी स्कूल-कॉलेजों की भी अच्छी भागीदारी मिल रही है. 20 मई को होने वाले ठाणे लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए जगह-जगह जन जागरूकता निर्माण की जा रही है.