अमेठी : अमेठी जिले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष और उनके भाई के साथ कोतवाली के अंदर मारपीट किए जाने के आरोप में एक दारोगा समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया गया है। अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम ने मंगलवार को बताया कि भाजपा जिला उपाध्यक्ष रवि सिंह और उनके भाई मानवेंद्र से मारपीट करने के आरोप में दारोगा विजय सिंह और सिपाहियों सुनील कुमार यादव, चंद्रभान, सत्य बिंद और दीपक यादव को निलंबित कर दिया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।