भारत ने ऑस्ट्रेलिया को मेलबर्न टेस्ट में 137 रनों से मात देकर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी अपने पास बरकरार रखी. भारत ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली है और अगर सिडनी में सीरीज बराबर भी हो जाती है तो प्रतिष्ठित बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी भारत के पास बरकरार रहेगी, क्योंकि उसने 2017 में दोनों टीमों के बीच पिछली घरेलू सीरीज जीती थी. लेकिन इस मैच में जिसने सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाया वह टीम इंडिया के कप्तान कोहली हैं.
मेलबर्न टेस्ट में जीत के साथ कप्तान विराट कोहली विदेश में पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के साथ सयुंक्त रूप से सबसे कामयाब भारतीय कप्तान बन गए हैं. मेलबर्न टेस्ट में कोहली की कप्तानी में विदेशी सरजमीं पर यह भारत की 11वीं जीत है. इस जीत के साथ कोहली ने सौरव गांगुली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जिनकी अगुवाई में भारत ने विदेशी सरजमीं पर इससे पहले सर्वाधिक 11 टेस्ट जीते थे.
विदेश में भारत के सफल कप्तान
1. विराट कोहली - 24 टेस्ट मैचों में 11 जीत
2. सौरव गांगुली - 28 टेस्ट मैचों में 11 जीत
3. महेंद्र सिंह धोनी - 30 टेस्ट मैचों में 6 जीत
4. राहुल द्रविड़ - 17 टेस्ट मैचों में 5 जीत
इतना ही नहीं कोहली भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बनने के बहुत करीब है. कोहली अगर टीम इंडिया को सिडनी में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट मैच में भी जीत दिला देते हैं तो वह पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तान बन जाएंगे. हालांकि कोहली कम टेस्ट मैचों में टीम इंडिया को अधिक जीत दिलाने के मामले में धोनी को पीछे छोड़ देंगे. विराट कोहली ने भारतीय कप्तान के रूप में 45 मैच में टीम की अगुवाई करते हुए 26 जीत दर्ज की है. भारतीय कप्तान के रूप में उनसे अधिक जीत अब सिर्फ महेंद्र सिंह धोनी के नाम पर दर्ज हैं, जिनकी अगुआई में भारत ने 60 टेस्ट खेले और इनमें से टीम 27 मैचों में जीत दर्ज करने में सफल रही. सिडनी टेस्ट मैच जीतते ही कोहली धोनी के 27 टेस्ट मैचों में जीत के रिकॉर्ड को बराबर कर लेंगे लेकिन कम मैचों में अधिक जीत की वजह से वह धोनी से आगे निकल जाएंगे. सौरव गांगुली की बात करें तो भारत ने उनकी कप्तानी में कुल 49 टेस्ट खेले और इनमें से टीम इंडिया 21 में जीत दर्ज करने में सफल रही.
टेस्ट में भारत के सफल कप्तान
1. महेंद्र सिंह धोनी - 60 टेस्ट मैचों में 27 जीत
2. विराट कोहली - 45 टेस्ट मैचों में 26 जीत
3. सौरव गांगुली - 49 टेस्ट मैचों में 21 जीत
आपको बता दें कि विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने मेलबर्न टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन ऑस्ट्रेलिया को 137 रन से हराकर चार मैचों की सीरीज में 2-1 की अजेय बढ़त बना ली. भारत के 399 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम लंच के बाद के सत्र में 261 रन पर ढेर हो गई. बारिश के कारण सुबह के सत्र में एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी. भारत ने अंतिम दिन सिर्फ 4.3 ओवर में बाकी बचे दो विकेट चटकाकर जीत की औपचारिकता पूरी की. जसप्रीत बुमराह ने दूसरी पारी में 53 रन देकर तीन जबकि मैच में 86 रन देकर नौ विकेट चटकाए जिसके लिए उन्हें 'मैन आफ द मैच' चुना गया.