भविष्य में नौकरी के अवसरों को ध्यान में रखते हुए छात्र कौशल विकास शिक्षा पर जोर दें- सोमनाथ वास्कर, पूर्व नगरसेवक
नवी मुंबई। भविष्य में नौकरी के अवसरों को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों से कौशल विकास शिक्षा पर जोर देने की अपील शिवसेना के पूर्व नगरसेवक सोमनाथ वास्कर ने सानपाडा में की. श्रीराम राधाकृष्णन मेमोरियल ट्रस्ट, नेरुल की ओर से गरीब और मेधावी छात्रों को शिक्षा के लिए वित्तीय सहायता के चेक वितरित किए गए. वह इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर बोल रहे थे. कार्यक्रम नवी मुंबई मनपा के सानपाड़ा स्थित श्री दत्त विद्यामंदिर स्कूल में आयोजित किया गया था. इस दौरान 'श्रीराम राधाकृष्णन मेमोरियल ट्रस्ट' के अध्यक्ष राधाकृष्णन सर, सचिव ललिता मॅडम, संध्या सुधीर, पूर्व नगरसेविका कोमलताई वास्कर, मुख्याध्यापक मंगल भोईर आदी उपस्थित थे. इस अवसर पर ट्रस्ट के माध्यम से गरीब छात्रों के लिए संचालित "शिक्षागण" शिक्षण वर्ग के 20 छात्रों और नवी मुंबई मनपा के 6 माध्यमिक विद्यालयों के 26 छात्रों को वित्तीय सहायता चेक वितरित किए गए।
सोमनाथ वास्कर ने आगे कहा कि श्री दत्त विद्यामंदिर स्कूल की छात्रा पूजा वंजारे ने 10वीं कक्षा में 94 प्रतिशत अंक हासिल कर नवी मुंबई मनपा के सभी स्कूलों में प्रथम स्थान पर आई हैं. इस स्कूल का रिजल्ट शत प्रतिशत रहा. पूजा के घर की आर्थिक स्थिति नाजुक होने के कारण हम पूजा को शैक्षणिक रूप से अपना रहे हैं. समाज के दानवीरों के लिए यह समय की मांग है कि वे होनहार छात्रों को शैक्षणिक रूप से अपनाएं और उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाएं. एक सामाजिक प्रतिबद्धता के रूप में 'श्रीराम राधाकृष्णन मेमोरियल ट्रस्ट' पिछले कई वर्षों से लगातार इस गतिविधि को चला रहा है. इसके लिए उन्हें धन्यवाद दिए।
राधाकृष्णन ने कहा कि छात्र मन लगाकर पढ़ाई करें. ट्रस्ट के माध्यम से पिछले कई वर्षों से आर्थिक सहायता प्रदान की जाती रही है ताकि समाज के आने वाले गरीब विद्यार्थियों की शिक्षा में कोई व्यवधान न हो. इसलिए जरूरतमंद विद्यार्थियों को भविष्य में भी बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के संकल्प के साथ आगे बढ़े न कि केवल आर्थिक स्थिति के कारण थक जाएं. ऐसे छात्रों की पढ़ाई का खर्च ट्रस्ट के माध्यम से दिया जाएगा. राधाकृष्णन ने अपील की कि संबंधित छात्र इसके लिए ट्रस्ट के पास आवेदन करें. मंगल भोईर ने कहा कि बच्चों को इस वित्तीय सहायता के बारे में पता होना चाहिए. माता-पिता के बाद जिन्होंने जीवन के विभिन्न पड़ावों पर हमारी मदद की, हमें उन्हें कभी नहीं भूलना चाहिए।