ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा के एक गांव में आर्थिक जनगणना करने वाली टीम को बंधक बनाए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा के छौलस गांव में मंगलवार को आर्थिक जनगणना करने के लिए गांव में पहुंची टीम को एनआरसी का सर्वे करने वाले समझकर ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। हालांकि, इस मामले के तूल पकड़ने के बाद कुछ देर बाद ही सभी को छोड़ दिया गया था। इसके बाद पुलिस ने जारचा कोतवाली में 50 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के मन में किस बात को लेकर डर है यह फिलहाल पता नहीं चल सका है।