डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौत, सायन-पनवेल रोड पर हादसा
नवी मुंबई। घाटकोपर से तलोजा जा रहे एक बाइक सवार को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी. इस हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई. सायन-पनवेल मार्ग के उरण फाटा पर शुक्रवार सुबह हुई दुर्घटना में सीबीडी पुलिस ने डंपर चालक को हिरासत में लिया है. हादसे के बाद पुणे रूट पर कुछ देर के लिए भारी ट्रैफिक जाम लगा था।
घाटकोपर के भटवाड़ी इलाके के रहने वाले अभिषेक मांजरेकर (42) दोपहिया वाहन से तलोजा काम के सिलसिले से जा रहे थे. सुबह करीब 10.30 बजे अभिषेक सायन-पनवेल मार्ग के उरण फाटा ब्रिज के रैंप पर पुणे मार्ग पर पीछे से आ रहे डंपर ने अभिषेक को टक्कर मार दी. इस हादसे में अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए. जिसके बाद उन्हें तुरंत कामोठे के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. हालांकि इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. इस मामले में सीबीडी पुलिस ने डंपर ड्राइवर आरिफ शेख (28) को हिरासत में ली है।